Fourth Pillar Live
नई दिल्ली डेस्क: मानसून शुरू होने के साथ ही डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे मच्छरजनित बीमीरियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखकर दिल्ली सरकार ने रोकथाम के उपाय शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के साथ ही आम नागरिकों को जागरूक करने का निर्देश दिया है। किसी के घर या अन्य स्थानों पर मच्छर का लार्वा मिलने पर पहले दो बार चेतावनी दी जाएगी। उसके बाद भी सचेत नहीं होने पर चालान काटा जाएगा।
उन्होंने दिल्ली नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मच्छर जनित बीमारियों के रोकथाम के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों को सतर्क रहने और मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। स्कूलों, पार्कों, खुले स्थानों, अस्पतालों आदि में विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस अभियान में आम नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। इसके लिए सभी प्रकार के प्रचार माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। पहले मच्छरों का प्रजनन रोकने के लिए सितंबर माह में फॉगिंग की जाती है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस बार पहले से शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, इन बीमारियों की रोकथाम के लिए दवा व अन्य संसाधन की कमी नहीं होने दी जाएगी। किसी तरह की समस्या आती है तो अधिकारी सीधे उन्हें सूचित करें। उन्होंने बताया अब तक 5,09,524 घरों में फॉगिंग और मच्छरनाशक स्प्रे किया गया है। 71,086 घरों में मच्छरों के लार्वा मिले जिन्हें नष्ट किया गया। 279 स्थानों पर लार्वीवोरस मछलियां छोड़ी गई हैं, जो मच्छरों के लार्वा को प्राकृतिक रूप से खत्म करने में सहायक हैं।