2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, गौतमबुद्ध नगर में 19 जिलों के अध्यक्ष और प्रभारी करेंगे बैठक

Fourth Pillar Live

एनसीआर डेस्क: भाजपा प्रदेश संगठन विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के लिए बुधवार को रणभेरी बजाने जा रहा है। चुनाव के लिए संगठन की तैयारी को गौतमबुद्ध नगर से धार दी जाएगी। प्रदेश महामंत्री धर्मपाल पश्चिमी क्षेत्र के पदाधिकारियों समेत 19 जिलों के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों के साथ संगठन को कसेंगे। ग्रेटर नोएडा के रेड कॉर्पेट होटल में होने वाली पश्चिमी क्षेत्र की बैठक को लेकर जिला संगठन तैयारी में जुटा है।

जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने मंगलवार को तिलपता स्थित जिला कार्यालय में बैठक कर पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों को भी परखा गया। प्रदेश में योगी सरकार का दूसरा कार्यकाल 2027 में पूरा हो जाएगा। प्रदेश की सत्ता में तीसरी बार काबिज होने की चुनौती भाजपा के सामने होगी। जनता योगी सरकार को दो कार्यकाल की कसौटी पर कसेगी तो दूसरी ओर सत्ता में लाैटने के लिए बेताब विपक्षी दल भी अधिक हमलावर होंगे।

विधानसभा चुनाव की अग्निपरीक्षा के लिए भाजपा संगठन तैयारी की शुरुआत करने जा रही है। इसके लिए गौतमबुद्ध नगर को चुना गया है। गौतमबुद्ध नगर प्रदेश के विकास माडल का सबसे बड़ा चेहरा है। इसलिए गौतमबुद्ध नगर को पश्चिमी क्षेत्र के लिए 19 में भाजपा के विकास का संदेश देने को चुना गया है। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की अगुवाई में होनी वाली संगठन की बैठक मुख्य तौर पर विधानसभा चुनाव की तैयारी की शुरुआत के साथ संगठन की कमजोरियों को तलाशने और उन्हें दूर करने के लिहाज से अहम है। बैठक में पश्चिमी क्षेत्र अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया समेत पदाधिकारी, 19 जिलों के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी शामिल होंगे। गौतमबुद्ध नगर इकाई भी संगठन की इस अहम बैठक की तैयारी में जीजान से जुटा है।

क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर बुधवार बैठक की तैयारी का जायजा लिया। जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने जिला कार्यालय में हुई बैठक में कहा कि पश्चिम क्षेत्र की बैठक संगठन के आगामी कार्यक्रम, अभियान को लेकर अहम है। यह जिला संगठन के लिए गौरव की बात है। सुबह दस बजे से अतिथियों का पंजीकरण होगा और 11 बजे से बैठक शुरू होकर दोपहर दो बजे तक चलेगी। अभिषेक शर्मा के जिलाध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश महामंत्री का यह जिले का तीसरा दौरा है। बैठक में धर्मेंद्र कोरी, दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, सतेंद्र नागर, राहुल पंडित, दीपक नागर, वीरेंद्र भाटी, कर्मवीर आर्य, अमित पंडित, सत्यपाल शर्मा, गुरुदेव भाटी, अरुण प्रधान, विमल पुंडीर, मनोज भाटी, ऋषभ शर्मा, महेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *