पुस्तक विमोचन के दौरान यूपी के पूर्व मुख्य सचिव डॉ. शंभुनाथ का निधन

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: यूपी के पूर्व मुख्य सचिव, साहित्यकार डॉ. शंभुनाथ का शनिवार देर शाम लखनऊ में हिन्दी साहित्य संस्थान के निराला सभागार में चल रहे पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान हृदयगति रुकने से निधन हो गया। मंच पर जिस समय वह वक्तव्य दे रहे थे, तभी वह बेहोश हो गए। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत करार दिया गया। उनके निधन से साहित्यजगत और नौकरशाहों में शोक की लहर है। शनिवार शाम को साहित्य संस्थान के निराला सभागार में मनोरमा श्रीवास्तव के उपन्यास ‘व्यथा कौंतेय की’ का विमोचन था। इसमें पूर्व आईएएस, साहित्यकार डॉ. शंभुनाथ भी मौजूद थे। बतौर वक्ता वह उपन्यास पर अपनी बात रख रहे थे। डॉ. शंभुनाथ कर्ण की मौत पर बोल रहे थे। इसी बीच उनकी जुबान लड़खड़ाई और सामने की मेज पर ही अचेत होकर गिर गए। डॉ. शंभुनाथ को संभाला गया लेकिन वह कुछ नहीं बोले। वहां मौजूद उनकी पत्नी ने एंबुलेंस बुलाई और सिविल अस्पताल ले गईं, यहां इमरजेंसी में ईएमओ ने डॉ. शंभुनाथ को मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे अमितांश बेंगलुरु में कार्यरत हैं। सूचना पाकर वे लखनऊ रवाना हो गए।

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के अगले ही दिन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शंभुनाथ को एक जुलाई 2007 का उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया था। अपने दो साल के कार्यकाल के दौरान डॉ. शंभुनाथ ने हिन्दी भाषा को ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए कई यादगार फैसले लिए। इसके साथ ही हिन्दी संस्थान के प्रेक्षागृह और सभागार के नाम यशपाल, निराला और प्रेमचन्द के नाम पर उन्होंने ही रखा। दुनिया से विदा होने से पहले डॉ. शंभुनाथ काल पर एक कहानी सुना रहे थे। बता रहे थे कि काल कैसे राजा का पीछा करता है। इसी वक्त उनकी तबीयत बिगड़ गई और दुनिया को अलविदा कह दिया।

उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान की सम्पादक डॉ. अमिता दुबे ने बताया कि डॉ. शंभुनाथ के साथ काम करने से मेरे और संस्थान के अन्य अधिकारियों के व्यक्तित्व में रचनात्मक विकास हुआ। प्रशासनिक सेवा से पूर्व डॉ. शंभुनाथ एक प्राधयापक भी रहे, जो उनके व्यक्तित्व में दिखता था। किसी चीज को सिखाने का उनका तरीका अन्य सभी अधिकारियों से अलग था। डॉ. दुबे ने बताया कि वे एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ ही एक उत्कृष्ट कवि थे। उनके व्यक्तित्व और साहित्यिक समझ ने मुझे उनके साहित्यिक अवदान पर पुस्तक लिखने के लिए प्रेरित किया। मैंने पुस्तक ‘संवेदनशील रचनाकार डॉ. शंभुनाथ’ उनके साहित्यिक अवदान पर लिखी। डॉ. दुबे ने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान ही डॉ. शंभुनाथ ने कविता की चित्रात्मक भाषा पर कार्यशाला कराई। उसमें आर्ट कॉलेज के कलाकारों ने अमीर खुसरो से लेकर अज्ञेय तक की कविताओं पर आधारित कृतियां तैयार कीं, जो आज भी संस्थान की शोभा बढ़ा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *