प्रयागराज माघ मेले में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड मौके पर, कोई हताहत नहीं

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: प्रयागराज के माघ मेले में सेक्टर 5 स्थित नारायण शुक्ला धाम शिविर में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई, जिससे चंद मिनटों में 15 टेंट और लगभग 20 दुकानें राख हो गई. आग भड़कते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और कल्पवासी अपनी जान बचाकर बाहर भागे. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. करीब 5 किलोमीटर दूर से भी आग की लपटें और धुआं दिखाई दे रहा था. आग को काबू में करने के लिए पांच दमकल वाहन लगातार पानी की बौछार कर रहे थे. हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया. आग के कारण शॉर्ट सर्किट बताए जा रहे हैं. नारायण धाम के मुख्य शिविर में करीब 50 कल्पवासी मौजूद थे. जैसे ही आग भड़की, अंदर धुआं फैल गया और हड़कंप मच गया. पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया और दस मिनट के भीतर पांच फायर गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. फायर फाइटर्स ने कल्पवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला. तेजी से फैलती आग के खतरे के चलते आसपास के शिविर भी खाली कराए गए. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रयागराज के संगम तट पर माघ मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ मकर संक्रांति से पहले और बढ़ गई है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *