कौशाम्बी में प्रेमी के साथ भाग गई 3 बच्चों की मां, मासूमों को लेकर थाने पहुंचा पति

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में एक परिवार इन दिनों अलग ही दर्द से गुजर रहा है. तीन बच्चों की मां अचानक अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई, जिससे न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. यह मामला उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाली महिला तीन बच्चों की मां है. परिजनों के अनुसार, महिला का अपने मायके में रहने वाले एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था. पति का आरोप है कि जब इस रिश्ते की जानकारी परिवार को हुई तो दोनों के मिलने-जुलने पर सख्त पाबंदी लगा दी गई थी. बावजूद इसके, दोनों चोरी-छिपे संपर्क में बने रहे. बताया जा रहा है कि बुधवार को महिला अचानक घर से गायब हो गई.

जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. बाद में पता चला कि महिला अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है. इस घटना के बाद पति और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पीड़ित पति ने बच्चों के साथ पहुंचकर पिपरी थाने में तहरीर देकर पत्नी की गुमशुदगी की सूचना दी. तहरीर में उसने आशंका जताई है कि महिला अपने प्रेमी के साथ गई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज कर ली है और महिला तथा उसके प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है. पिपरी थाना प्रभारी का कहना है कि महिला के पति की ओर से तहरीर मिली है, जिसके आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही महिला और उसके साथ गए युवक को बरामद कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *