मंदिर से चांदी के आभूषण, कैश और CCTV सिस्टम ले उड़े चोर

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक प्राचीन मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है. चोर मंदिर से चांदी के आभूषण, नकदी और सीसीटीवी उपकरण ले गए. पुलिस के मुताबिक, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. एजेंसी के अनुसार, चोरी की यह घटना अवसनेश्वर महादेव शिव मंदिर में हुई. मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय गिरी ने बताया कि घटना तड़के करीब तीन बजे की है. चोरों ने मंदिर के पीछे स्थित मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर एंट्री की. सभी आरोपी मंकी कैप पहने हुए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके.

चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में रखे कीमती चांदी के सामान को निशाना बनाया. शिवलिंग के ऊपर लगा चांदी का छत्र, शिवलिंग के चारों ओर की चांदी की परत और अन्य चांदी के आभूषण समेट लिए. इसके अलावा दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी भी निकाल ली. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी सिस्टम भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके. चोरी की जानकारी तब हुई, जब मंदिर के पुजारी शिवम गिरी पूजा के लिए पहुंचे. उन्होंने देखा कि मंदिर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है, दानपात्र टूटा हुआ है और कीमती आभूषण गायब हैं. इसके बाद तुरंत मंदिर समिति और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही सर्किल ऑफिसर और हैदरगढ़ थाने के प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. बाद में एडिशनल एसपी (दक्षिणी) रितेश् सिंह भी फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फिंगरप्रिंट व अन्य तकनीकी जांच की गई. एडिशनल एसपी रितेश सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. चोरी गए सामान का सटीक आकलन किया जा रहा है. वहीं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की तीन टीमें गठित की गई हैं. आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है. मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है. वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *