दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल बने तरनजीत सिंह संधू   

Fourth Pillar Live

नई दिल्ली डेस्क: पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को गुरुवार को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया, उन्होंने वीके सक्सेना को रिप्लेस किया, जिन्हें लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है. संधू ने 2024 में बीजेपी के टिकट पर अमृतसर से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी. सन्धू 1988 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं. वह संयुक्त राज्य अमेरिका के मामलों में सबसे अनभवी भारतीय राजनयिकों में से एक रहे उन्होंने वाशिंगटन डीसी में भारतीय मिशन में कई बार अपनी सेवाएं दीं. तरनजीत सिंह संधू फरवरी 2020 से जनवरी 2024 तक संयुक्त राज्य अमेरिका में भारत के राजदूत थे.

इससे पहले, उन्होंने जुलाई 2013 से जनवरी 2017 तक वाशिंगटन में मौजूद दूतावास में उप मिशन प्रमुख के रूप में और 1997 से 2000 तक प्रथम सचिव (राजनीतिक) के रूप में काम किया, जहां उन्हें अमेरिकी कांग्रेस के साथ संपर्क स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. 63 वर्षीय अनुभवी राजनयिक जुलाई 2005 से फरवरी 2009 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी कार्यरत थे. वहीं, वीके सक्सेना लगभग चार वर्षों तक दिल्ली के उपराज्यपाल रहे. इस दौरान, सक्सेना का शासन और प्रशासनिक मुद्दों पर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के साथ कई बार टकराव हुआ. सक्सेना (67) ने 26 मई, 2022 को दिल्ली के उपराज्यपाल का पदभार संभाला था. तब उन्होंने राज निवास तक सीमित रहने के बजाय शहर की सड़कों पर दिखाई देने का वादा किया था.

बाकी कहां-कहां नियुक्तियां हुई

  1. हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया
  2. तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया
  3. नंद किशोर यादव नागालैंड के राज्यपाल नियुक्त
  4. तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल बने
  5. केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल नियुक्त
  6. लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया
  7. दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया
  8. लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया.

नए एलजी को बधाई देते हुए दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने लिखा, ‘दिल्ली के नवनियुक्त माननीय उपराज्यपाल, तरनजीत सिंह संधू जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन. इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए आपको बहुत-बहुत बधाई. आपके सुदीर्घ कूटनीतिक अनुभव का लाभदिल्ली की जनता को मिलेगा, इसका हमें पूर्ण विश्वास है. राजधानी की प्रगति और जनकल्याण के कार्यों में आपके मार्गदर्शन में हम निरंतर आगे बढ़ेंगे. आपके यशस्वी कार्यकाल के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *