सुल्तानपुर में भाइयों को गोली मारने वाले हिस्ट्रीशीटर का एनकाउंटर

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात स्थित जनऊपुर गांव में 5 मार्च को पुरानी रंजिश और विवाद में दबंगों ने एक होमगार्ड के परिवार पर हमला कर दिया. मुख्य आरोपी दीपक सोनकर ने साथियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें मोहित सोनकर की मौत हो गई और उसका भाई मंगल गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात आरोपी दीपक को ‘धोपाप’ के पास से घेराबंदी कर पकड़ा. बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. वर्तमान में आरोपी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना की शुरुआत गुरुवार सुबह हुई थी जब होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर के बेटे मोहित का गांव के ही रमेश सोनकर के बेटे से विवाद हुआ. उस वक्त मामला शांत हो गया था, लेकिन शाम होते ही रमेश अपने बेटों, घर की महिलाओं और असलहों के साथ वीरेंद्र के घर धमक पड़ा.

विवाद बढ़ता देख मां शारदा ने बेटों को बचाने के लिए कमरे में बंद कर दिया था. लेकिन जब बहू को पीटा गया, तो बेटे बाहर निकले और विपक्षियों ने उन पर गोलियां बरसा दीं. अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार दीपक सोनकर कोई साधारण अपराधी नहीं है. वह थाना लम्भुआ का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से ही 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस की पूछताछ में उसने बताया था कि हत्या में इस्तेमाल पिस्टल उसने खेत में छिपा दी है. जब पुलिस उसे हथियार बरामद कराने ले गई, तो उसने झोपड़ी के पीछे से पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर ही गोली चला दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई जो उसके पैर में लगी. मृतक के पिता वीरेंद्र और मां शारदा का आरोप है कि आरोपी रमेश का बेटा भोलू गांव में गांजा बेचने का काम करता है और अपनी दबंगई के दम पर लोगों को डराता है. इस हमले में न सिर्फ दोनों बेटों को गोली लगी, बल्कि पिता वीरेंद्र और मां शारदा समेत परिवार के तीन अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *