शिक्षक नेता पर भड़के मंत्री दयाशंकर सिंह, BSA को बचाने का आरोप

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री और देवरिया के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह एक बार फिर विवादों में हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा 24 फरवरी का एक वीडियो सरकार की कार्यशैली और शिक्षकों के प्रति संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है. वीडियो में मंत्री एक शिक्षक नेता को उंगली दिखाकर धमकाते और बाहर जाने की चेतावनी देते नजर आ रहे हैं. देवरिया में कार्यरत एक शिक्षक ने कुछ समय पूर्व गोरखपुर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. मरने से पहले शिक्षक ने एक वीडियो जारी कर देवरिया की BSA शालिनी श्रीवास्तव और एक बाबू पर गंभीर आरोप लगाए थे. आरोप था कि वेतन बहाली के नाम पर उनसे 14 लाख रुपये ले लिए गए और फिर भी प्रताड़ित किया जा रहा था. इस मामले में मुकदमा तो दर्ज हुआ, लेकिन कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई. इसी मामले को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का प्रतिनिधिमंडल पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मंत्री दयाशंकर सिंह से मिलने पहुंच था.

बातचीत के दौरान शिक्षक नेता विवेक मिश्रा ने जब यह कहा कि “मंत्री जी, आप और BSA दोनों बलिया के हैं, इसलिए उन्हें बचाया जा रहा है,” तो मंत्री का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. मंत्री दयाशंकर सिंह ने चिल्लाते हुए कहा, “अवसर दिया जाएगा आपकी बात सुनने का तो आप सिर पर चढ़ेंगे? आप अपनी सीमा में रहिए. बदतमीजी करेंगे तो बाहर निकलवा देंगे. शिक्षक नेता विवेक मिश्रा बार-बार अपनी बात पूरी करने का अनुरोध करते रहे, लेकिन मंत्री जी उन्हें चुप कराकर बाहर भेजने की जिद पर अड़े रहे. उस समय बगल में भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भी मौजूद थे. इस घटना के बाद से शिक्षकों में भारी गुस्सा है. संगठन का कहना है कि भ्रष्टाचार के कारण एक साथी की जान चली गई और जब वे न्याय मांगने गए तो उन्हें अपमानित किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *