वाराणसी में DDU अस्पताल के अंदर पैग लड़ाते दिखे कर्मचारी

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर सरकार भले ही लगातार बेहतर सुविधाओं और सख्त निगरानी के दावे करती रही हो, लेकिन कभी-कभी सामने आने वाली घटनाएं इन दावों पर सवाल खड़े कर देती हैं. ताजा मामला वाराणसी के दीनदयाल जिला अस्पताल से जुड़ा है, जहां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को असहज स्थिति में डाल दिया है. वायरल वीडियो में अस्पताल की पैथोलॉजी लैब के अंदर कुछ कर्मचारी कथित तौर पर शराब पीते हुए नजर आ रहे हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि यह कथित पार्टी उसी जगह हो रही है, जहां मरीजों की जांच के लिए संवेदनशील और महंगी मशीनें लगी होती हैं. वीडियो में एक टेबल पर गिलास रखे हुए दिखाई दे रहे हैं और साथ में चिकन व अन्य स्नैक्स भी रखे नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोग अस्पताल के लैब टेक्नीशियन और पैथोलॉजी से जुड़े अन्य कर्मचारी हो सकते हैं.

हालांकि फिलहाल प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर किसी की पहचान की पुष्टि नहीं की है. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और पूरे मामले की चर्चा शुरू हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए दीनदयाल जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. आरएस राम ने जांच के आदेश दे दिए हैं. उन्होंने बताया कि वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने के लिए एक जांच समिति गठित की गई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो संभवतः पुराना हो सकता है. फिर भी प्रशासन इस मामले को हल्के में नहीं ले रहा है और पूरी पड़ताल की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *