Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर एक युवक के पेट से प्लास्टिक की बोतल निकालकर उसकी जान बचाई. इस युवक ने नशे की हालत में बोतल अपने शरीर के अंदर डाल ली थी, जिसके बाद से उसके लिए खतरा पैदा हो गया था. जानकारी के अनुसार, युवक गुजरात के अहमदाबाद में काम करता था. करीब एक सप्ताह पहले उसने नशे की हालत में अपने शरीर के निजी हिस्से से करीब 15×4 सेंटीमीटर की प्लास्टिक बोतल अंदर डाल ली, जो धीरे-धीरे पेट तक पहुंच गई. इसके बाद उसे तेज पेट दर्द और अन्य गंभीर दिक्कतें होने लगीं. परेशानी हुई तो युवक ने पहले अहमदाबाद में ही डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन मामला जटिल होने के कारण वहां के डॉक्टरों ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए.
इसके बाद युवक अपने घर अंबेडकरनगर लौट आया, जहां परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया. जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. विपिन वर्मा ने मामले की गंभीरता को समझते हुए ऑपरेशन करने का निर्णय लिया. यह सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण थी, क्योंकि बोतल पेट के अंदर पहुंच चुकी थी और किसी भी तरह की चूक मरीज की जान के लिए खतरा बन सकती थी. डॉ. विपिन वर्मा और उनकी टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन कर बोतल को निकाल लिया. ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह अब खतरे से बाहर है. डॉक्टरों के अनुसार, ऐसे केस में समय पर इलाज बेहद जरूरी होता है. देरी होने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता था. फिलहाल युवक का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.