दिल्ली विधानसभा में बैरिकेड तोड़ घुसी कार, मचा हड़कंप

Fourth Pillar Live

नई दिल्ली डेस्क: दिल्ली विधानसभा यानी वो जगह जहां दिल्ली के नेता बैठते हैं, कानून बनाते हैं और सरकार चलाती है. यह एक बेहद सुरक्षित जगह मानी जाती है. यहां बिना जांच के कोई अंदर नहीं जा सकता. सुरक्षाकर्मी हर वक्त तैनात रहते हैं. लेकिन सोमवार को यहां कुछ ऐसा हुआ जिसने सबको हिला दिया. एक सफेद रंग की अज्ञात कार, जो सिएरा बताई जा रही है, तेज रफ्तार में आई और सीधे विधानसभा के गेट नंबर 2 से टकरा गई. गेट टूट गया और गाड़ी अंदर घुस गई. यह घटना दोपहर करीब दो बजे की है. वहां मौजूद लोग यह देखकर हक्के बक्के रह गए. तेज आवाज हुई, लोग इधर उधर भागे, आसपास खड़े रिक्शा चालक और राहगीर भी दौड़कर आ गए.

लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, गाड़ी अंदर से निकलकर दूसरी तरफ चली गई. और फिर हुआ जो सबसे चौंकाने वाला था. कुछ देर बाद वही गाड़ी वापस लौटी. एक बार फिर उसने गेट को टक्कर मारी और इस बार वहां से पूरी तरह फरार हो गई. बताया जा रहा है कि कार वाले शख्स ने गुलदस्ता विधानसभा के स्पीकर के कार में छोड़कर चला गया. यह पूरी घटना पांच मिनट के दौरान घटी. घटना के करीब दो घंटे में ही संदिग्ध शख्स को उसके कार के साथ पकड़ लिया गया. जो लोग वहां मौजूद थे उन्होंने बताया कि पहले एक जोरदार आवाज आई जैसे कुछ टूटा हो. फिर देखा तो सफेद गाड़ी अंदर थी. लोग समझ ही नहीं पाए कि यह जानबूझकर हुआ है या कोई हादसा. लेकिन जब वही गाड़ी दोबारा आई और फिर गेट तोड़कर भागी तो साफ हो गया कि यह अनजाने में नहीं हुआ. कार और उसके ड्राइवर को रूपनगर से पकड़ लिया गया है. घटना के करीब दो घंटे बाद सफलता मिली है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये कार यूपी नंबर रजिस्टर्ड है. संदिग्ध ड्राइवर की पहचान सरबजीत सिंह के तौर पर है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *