लखनऊ के आशियाना में किशोरी से गैंगरेप, मज़दूर गिरफ़्तार

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: यूपी की राजधानी लखनऊ में बारिश के बीच शर्मनाक वारदात ने झकझोर कर रख दिया. घटना आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एम में मंगलवार की शाम एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में हुई. यहां बारिश से बचने के लिए रुकी किशोरी के साथ गैंगरेप किया गया. किशोरी पास के ही एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती है. वह रोज की तरह काम पर जा रही थी. रास्ते में तेज बारिश होने पर किशोरी निर्माणाधीन इमारत में रुक गई थी. आरोप है कि बिल्डिंग में काम कर रहे एक मजदूर ने किशोरी को अंदर खींच लिया, जबकि बाकी साथी पहरा देते रहे. जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए, उसके साथ मारपीट की और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया. जिस महिला के घर पर किशोरी काम करती है, उसने समय पर काम पर न पहुंचने पर उसकी तलाश शुरू कराई.

स्थानीय लोगों को शक हुआ तो निर्माणाधीन बिल्डिंग में खोजबीन की गई, जहां तीसरी मंजिल पर किशोरी बदहवास हालत में मिली. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिल्डिंग की छत की टंकी के पास छिपे मजदूरों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी. सूचना मिलते ही आशियाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को तुरंत लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका मेडिकल कराया गया. पुलिस ने मौके से पांच मजदूरों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी आरोपी सीतापुर के रहने वाले हैं. फिलहाल पुलिस ने रेप की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. डीसीपी मध्य के मुताबिक, घटना में रेप की पुष्टि हुई है. आरोपियों से पूछताछ जारी है. पुलिस पीड़िता के बयान दर्ज कर रही है और पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *