शादीशुदा शख्स ने गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर की हत्या

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: यूपी के कौशांबी जिले में 12 दिन पहले हाईवे किनारे बक्से में महिला शव का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस ने पति संग दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसने मृतका गर्लफ्रेंड से दूसरी शादी कर ली थी. जब मृतका ने उसे घर ले जाकर साथ रखने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साजिश के तहत उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बक्से में भरकर हाईवे किनारे फेंक दिया था. दरअसल, 15 अप्रैल 2026 को कोखराज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर नेशनल हाईवे 2 पर एक संदिग्ध बक्सा मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. बक्सा खोलने पर करीब 30 वर्षीय (मोनी वर्मा) महिला का शव बरामद हुआ था. जो अमेठी जिले की रहने वाली थी.

फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सत्यनारायण ने टीमों का गठन कर जांच शुरू कराई थी. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची. 27 अप्रैल को कोखराज पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध कार को रोका. कार में सवार आरोपी पति हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू गोविंदपुर नगर कानपुर और यश गुप्ता यशोदा नगर कानपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने महिला के हत्या की बात कबूल कर किया. एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पूछताछ में मुख्य आरोपी हर्ष खियानी द्वारा बताया गया कि मृतका मेरी दूसरी पत्नी है, मैं उसे पिछले तीन वर्षों से जानता हूं. मैंने घर वालो से बिना बताए उससे मंदिर में दूसरी शादी कर ली थी, जिसके साथ मैं अपने घर से अलग कानपुर शारदा अपार्टमेन्ट, शारदा नगर में किराये के कमरे में रहता था.

हर्ष खियानी ने बताया कि मेरी पहली पत्नी मेरे माता पिता के साथ दबौली (रतनलाल नगर) में रहती है. मृतका मोनी वर्मा पिछले कुछ दिनों से मेरे ऊपर यह दबाव डाल रही थी कि मुझे अपने घर पर ले चलो मैं वहीं पर रहूंगी. मैने उसे काफी समझाने का प्रयास किया किन्तु वह नहीं मानी. यदि मैं उसे अपने घर ले जाता तो मेरी पहली पत्नी से मेरा झगड़ा हो जाता और समाज में मेरी बेइज्जती होती. इसलिए मैंने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और मार्केट से एक बक्सा, कुनैन की गोलियां व पॉलीथीन खरीद कर लाया. 15 अप्रैल को मौका पाकर मैंने उसे बेड पर पटक दिया और उसी के स्टॉल से गला कसकर उसकी हत्या कर दी, फिर शव को बक्से में भर दिया. मैंने यश गुप्ता को पैसों का लालच देकर शव को ठिकाने लगाने की बात की. हम लोगों ने बक्से को गाड़ी में रखकर हाईवे के किनारे लाकर फेक दिया और थोडा आगे चलकर मोनी वर्मा के हैण्ड बैग को भी झाडियों में फेक दिया था. जिससे पुलिस हमें पकड़ न सके. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने मृतक का बैग (मृतका का दो मोबाइल, आधार कार्ड, ICICI LOMBARD CARD हेल्थ केयर कार्ड, ड्राइविंग लाईसेन्स एवं पैन कार्ड आदि), घटना में शामिल वाहन मारुती XL6 (UP78HK3718) और 4 अदद मोबाइल बरामद किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *