पेशाब करने के विवाद में युवकों की पिटाई, लगे 35 टांके

Fourth Pillar Live

नई दिल्ली डेस्क: पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब पेशाब करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने खूनी झड़प का रूप ले लिया. इस घटना में दो युवक- मोहित और विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन पर चाकू, तलवार और चापड़ से हमला किए जाने का आरोप है. घायल विकास यादव को सिर से लेकर पूरे शरीर तक करीब 35 टांके लगे हैं. जबकि मोहित के शरीर पर 9 टांके लगे हैं. दोनों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं. पीड़ितों का आरोप है कि जिन लोगों से उनका विवाद हुआ, उनमें मुख्य आरोपी संदीप आहूजा है, जो खुद को भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता और “अखंड भारत मोर्चा” का अध्यक्ष बताता है. पीड़ितों का कहना है कि आरोपी की राजनीतिक पहुंच के कारण पुलिस उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं कर रही है. मोहित और विकास ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वे पुलिस थाने पहुंचे, तो उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में भी उन्हें तुरंत भर्ती नहीं किया गया, जिससे उनकी स्थिति और बिगड़ सकती थी.

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में लापरवाही बरतते हुए गंभीर धाराएं लगाने के बजाय हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है. इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी और डर का माहौल है. उनका कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई होती, तो अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी होती. पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि संदीप आहूजा के सोशल मीडिया पर कई बड़े नेताओं के साथ फोटो हैं, जिससे उसकी पहुंच का अंदाजा लगाया जा सकता है. परिवार का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और निजी अस्पताल में इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं, जबकि सरकारी सिस्टम से भी उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिल रही. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है. लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है. वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके और इलाके में कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बना रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *