Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले योगी सरकार योगी सरकार अपनी रणनीतियों में जुट गई है. इसी मद्देनजर आज यानी कि रविवार को मंत्रिमंडल का विस्तार करेगी. इस दौरान कुल 6 नए मंत्री शपथ लेंगे. जो 6 मंत्री, मंत्रीपद की शपथ लेंगे उनमें बीजेपी के काशी क्षेत्र के जिला अध्यक्ष और एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा भी शामिल हैं. उनके नाम की खबर सामने आते ही वाराणसी में समर्थकों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल बन गया. हंसराज विश्वकर्मा के सरकारी आवास के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई. ढोल-नगाड़ों की गूंज और पटाखों की आवाजों के बीच कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया. कई समर्थक मिठाइयों के डिब्बे लेकर पहुंचे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की. इस दौरान “योगी सरकार जिंदाबाद” और “हंसराज विश्वकर्मा जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा. बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि हंसराज विश्वकर्मा लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और पूर्वांचल में पार्टी को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उन्हें पीएम मोदी का खास भी माना जाता है. वह कई बार पीएम मोदी से संसदीय क्षेत्र में मुलाकात भी कर चुके हैं. खासतौर पर विश्वकर्मा समाज और पिछड़े वर्गों में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है. ऐसे में उनके मंत्री बनने को बीजेपी की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए बीजेपी संगठन और सरकार में सामाजिक संतुलन बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है. पूर्वांचल क्षेत्र में पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने के लिए ऐसे चेहरों को आगे लाया जा रहा है, जिनकी संगठन में मजबूत पकड़ होने के साथ-साथ समाज के अलग-अलग वर्गों में प्रभाव भी हो. हंसराज विश्वकर्मा का नाम इसी रणनीति के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, लखनऊ में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी नामों की सूची जारी नहीं की गई है, लेकिन बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हंसराज विश्वकर्मा के मंत्री बनने को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. उनके सरकारी आवास पर सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. जिसका एक वीडियो भी सामने आया है. स्थानीय नेताओं और समर्थकों का कहना है कि अगर हंसराज विश्वकर्मा को मंत्रिमंडल में जगह मिलती है तो इससे पूर्वांचल और खासतौर पर काशी क्षेत्र को राजनीतिक रूप से मजबूती मिलेगी. समर्थकों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है. योगी सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार को लेकर पूरे प्रदेश में चर्चाओं का दौर जारी है. माना जा रहा है कि इस विस्तार के जरिए बीजेपी आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार दोनों में संतुलन साधने की कोशिश कर रही है. वहीं, हंसराज विश्वकर्मा के समर्थक अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं और उनके मंत्री पद की शपथ को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं. योगी कैबिनेट में जिन 6 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी उसमें एक नाम कन्नौज की तिर्वा विधानसभा से चौथी बार से विधायक कैलाश राजपूत भी शामिल हैं. कैलाश राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बुलाकर कहा कि कल शपथ लेनी है. हमारे अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान, मनोज पांडे, और दिलेर जी हैं.