Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में चेकिंग के दौरान पुलिस की 25 हजार के इनामी हत्या के आरोपी से मुठभेड़ हो गई. पुलिस गोलीबारी में आरोपी घायल हो गया. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. दरअसल चेकिंग के दौरान मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि 18 जनवरी 2026 को अनुज उर्फ छोटू की हत्या का वांछित आरोपी ऋषभ उर्फ टिल्लू बाइक से आ रहा है. पुलिस द्वारा बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देख कर बाइक सवार ने पीछे मुड़कर कर बाइक से भागने की कोशिश की. पुलिस टीम से घिरा देख कर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर करने लगा. जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा फायरिंग की गई, जिससे उसके दाहिने पैर में गोली लग गई. गोली लगते ही आरोपी गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस द्वारा तत्काल उसे हिरासत में ले लिया गया.
फिलहाल टिल्लू को सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया गया है. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ऋषभ उर्फ टिल्लू बताया. ऋषभ के पास से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस एक स्प्लेंडर मोटर साइकिल भी बरामद की है. ऋषभ उर्फ टिल्लू एक शातिर किस्म का अपराधी है. वह कई मामलों में वांछित था. औरैया क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 25 हजार के एक इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है. आरोपी पर हत्या समेत कई मामले दर्ज थे. बीते दिनों भी उसने अनुज नामक एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी. जिसके बाद से ही वह फरार था और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे. फिलहाल मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके पैर में गोली लगी है और इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.