फिरोजाबाद में हैवान बना पिता ने बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी ही बेटी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी, जबकि पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राकेश राठौर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद राकेश का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उसने अपनी पुत्री मुस्कान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया.

वहीं घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे आगरा रेफर कर दिया है. बताया जा रहा है कि उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने बताया कि आरोपी राकेश राठौर को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है. इस घटना के बाद नीलकंठ कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में शोक और दहशत का माहौल है. पड़ोसी और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *