Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क : अयोध्या राम मंदिर से जुड़े जमीन विवाद के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह आज लखनऊ पहुंचे हैं. वो अपने साथ इस घोटाले से जुड़े कई पुख्ता सबूत लेकर आए हैं. उन्होंने बताया कि उनके पास जमीनों के घोटाले से जुड़े बेहद अहम दस्तावेज मौजूद हैं. आज तक से बात करते हुए आप सांसद संजय सिंह ने कहा, ‘मेरे पास ये पूरे जमीन घोटाले के सबूत हैं. कुल 13 जमीनों के दस्तावेज हैं और 2 जमीन ऐसी हैं जिनके मामले आपस में जुड़े हुए हैं.’ संजय सिंह आज लखनऊ के मंडलायुक्त (डिवीजनल कमिश्नर) विजय विश्वास पंत से मुलाकात करेंगे. वो मंडलायुक्त को राम मंदिर ट्रस्ट में हुए इस घोटाले के सारे सबूत सौंपेंगे. संजय सिंह अपने साथ राम मंदिर ट्रस्ट की खरीदी गई एक दर्जन से ज्यादा संपत्तियों के जरूरी कागजात लेकर पहुंचे है. इन कागजातों के आधार पर वो जांच को आगे बढ़ाने की मांग करेंगे. संजय सिंह आज ही इस मामले में विशेष जांच दल (SIT) के सामने भी पेश होंगे. वो SIT के सामने अपना बयान दर्ज कराएंगे और अपने साथ लाए गए सभी सबूत और दस्तावेज जांच टीम को सौंप देंगे. संजय सिंह ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट ने जमीनों की खरीद में भारी भेदभाव किया है. उनके मुताबिक, जो जमीनें राम मंदिर के बिल्कुल करीब थीं, उन्हें बहुत ही सस्ते दामों पर खरीदा गया है. दूसरी तरफ, जो जमीनें मंदिर से काफी दूर थीं, उन्हें बहुत महंगे दामों में खरीदा गया. उनका आरोप है कि ये दूर की जमीनें ट्रस्ट के करीबियों की थीं. इस तरह ट्रस्ट के करीबियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाया गया है.