हमीरपुर में दारोगा चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां वर्दी पहने दारोगा ने ट्रक से 20 हजार रुपये चुरा लिए. जिसपर ट्रक ड्राइवर ने वर्दी धारी को सरेआम पीट दिया और रुपये बरामद करके उसको पुलिस के हवाले कर दिया. घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. हमीरपुर जिले में तैनात दारोगा गिरीश मिश्रा कानपुर से हमीरपुर आने के लिए एक ट्रक में सवार हुआ था. रास्ते में दारोगा ने कथित तौर पर ट्रक में रखे 20 हजार रुपये चुराकर अपनी वर्दी में छिपा लिए और हमीरपुर के यमुना पुल के पास ट्रक रुकवाकर भागने लगा. ड्राइवर को शक हुआ तो उसने दारोगा का पीछा कर उसे दबोच लिया. मारपीट के दौरान दारोगा की वर्दी से 500-500 के नोट जमीन पर गिरने लगे. ड्राइवर ने पैसे बरामद कर आरोपी दारोगा को पुलिस को सौंप दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस पूरे हाईवोल्टेज ड्रामे और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए हमीरपुर सदर के सीओ यशपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी दारोगा गिरीश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *