जंतर-मंतर पर CJP पर लाठीचार्ज, अफरा – तफ़री का माहौल

Fourth Pillar Live

नई दिल्ली डेस्क : कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भिड़ंत हो गई. प्रदर्शन स्थल की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाई. वहीं, CJP के प्रदर्शनकारी जब रेल भवन पहुंचे तो उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया है. चश्मदीदों के मुताबिक, सैकड़ों छात्र और युवा प्रदर्शनकारी मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर जमा हुए थे. वहां से वो मार्च करते हुए जंतर-मंतर की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे, जहां CJP का धरना स्थल है. इसमें बड़ी संख्या में महिला प्रदर्शनकारी भी शामिल थीं. जंतर-मंतर की ओर कदम बढ़ाते हुए इन युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का तेवर देख पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद था. पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मार्च को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की. जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज कर दिया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मौके पर भगदड़ मच गई. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई छात्र नेताओं और युवाओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें बसों में भरकर वहां से ले गई. इस घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और लाठीचार्ज का मंजर देखा जा सकता हैं. बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट भी आज बंद कर दिए गए हैं. इनमें जनपथ और पटेल चौक शामिल है. कई मेट्रो स्टेशनों से भारी भीड़ के विजुअल्स सामने आ रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *