यूपी के मदरसा में फहरेगा तिरंगा, कार्यक्रमों का फोटो-वीडियो भेजना अनिवार्य

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के सभी मदरसों में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण को इसके लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए हैं. यूपी में यह अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलाया जा रहा है. राज्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि अभियान से प्रदेश के मदरसों और उनमें पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को व्यापक रूप से जोड़ा जाए. इसके तहत मदरसों में तिरंगा यात्रा, राष्ट्रगान और देशभक्ति गीत जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं. साथ ही विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है. निर्देशों के मुताबिक, मदरसों में भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी. इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर परिचर्चा कराने को कहा गया है. पत्र में स्पष्ट किया गया है कि इन कार्यक्रमों के अलावा अन्य उपयुक्त देशभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं.

सरकार ने सिर्फ कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश ही नहीं दिए हैं, बल्कि उनकी रिपोर्टिंग भी अनिवार्य की गई है. राज्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिया है कि कार्यक्रमों की जनपदवार रिपोर्ट, फोटो-वीडियो और पेपर कटिंग/न्यूज संकलन उपलब्ध कराया जाए. इसके जरिए अभियान में मदरसों की भागीदारी और उसकी प्रगति की जानकारी जुटाई जाएगी. दानिश आजाद अंसारी ने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है. इसी उद्देश्य से मदरसों और वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं. उत्तर प्रदेश में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत अलग-अलग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. अब मदरसों में भी तिरंगा यात्रा, राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *