शादी, हनीमून और पीरियड्स; पति पर FIR दर्ज

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : यूपी के गोरखपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि हनीमून पर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया. बाद में नौबत तलाक तक आ गई. दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे और आरोप हैं. फिलहाल, पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है. घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. दरअसल, रामगढ़ताल की युवती का विवाह दिल्ली के निखिल मिश्रा से हुआ था. आरोप है कि अंडमान निकोबार में पीरियड्स आने पर पति ने मारपीट कर गला दबाने की कोशिश की. 40 लाख का दहेज पाने के बावजूद प्रताड़ित कर पीड़िता को ससुराल से निकाल दिया. पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई, जिसके बाद रामगढ़ताल थाने में केस दर्ज हुआ. पीड़िता के अनुसार, विवाह के करीब एक महीने बाद वह पति के साथ अंडमान-निकोबार हनीमून मनाने गई थी. वहां अचानक पीरियड्स के दौरान उसके पेट में तेज दर्द होने लगा और काफी खून निकलने लगा. वह दर्द से रोने लगी तो पति यह देखकर नाराज हो गया. उसने थप्पड़ों, लात-घूंसों से पीटा और गला दबाने का प्रयास किया. चीख-पुकार सुनकर होटल कर्मचारी पहुंचे और दरवाजा पीटकर युवती की जान बचाई.

इसके बाद पति ने पीड़िता के पिता को फोन करके गाली-गलौज की और बेटी को ले जाने की धमकी दी. किसी तरह दिल्ली स्थित ससुराल पहुंचने पर उसने सास को आपबीती सुनाई, लेकिन सास और ननद ने भी उसका साथ न देकर उसे प्रताड़ित करना जारी रखा. विवाह से पहले गोरखपुर में गोदभराई हुई थी, जहां ससुराल वालों ने ब्रांडेड सामान की मांग की थी. पिता ने 20 लाख नकद और कार समेत 40 लाख का दहेज दिया. इसके बावजूद ससुराल पहुंचने पर उसे बेइज्जत किया गया और शादी के 45 दिन घर से निकाल दिया गया. घर से निकाले जाने के बाद भी ससुराल वालों ने दहेज वापस नहीं किया और पति व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी देता रहा. थानों के चक्कर काटने के बाद परिजनों ने एसएसपी से मुलाकात की. रामगढ़ताल थाना प्रभारी ने बताया कि पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *