लखनऊ में बारिश का कहर, 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरा युवक

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूनिवर्सिटी के पास भारी बारिश के बाद सड़क में करीब 10 से 12 फीट गहरा और चौड़ा गड्डा बन गया. इसी गड्ढे में एक युवक जा गिरा, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया. गड्ढे में एक मोटरसाइकिल भी समा गई, जिसे बाद में क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया. यह पूरा मामला प्रदेश की राजधानी में सरकारी तंत्र और सड़कों की हालत पर गंभीर सवाल खड़े करता है. घटना लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास की सड़क की है. आजतक संवाददाता आशीष श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि लखनऊ में हुई भारी बारिश के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे यह गहरा गड्डा बन गया. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल भी गड्ढे में जा गिरी. मोटरसाइकिल कैसे और किस स्थिति में गिरी, इसकी सही जानकारी किसी को नहीं है, क्योंकि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था.

यह हैरान करने वाली बात है कि जिस राजधानी की सड़कें सबसे बेहतर होने का दावा किया जाता है, वहीं ऐसी हालत सामने आई. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीमें पहुंचीं. नगर निगम की गाड़ी भी घटनास्थल पर खड़ी देखी गई. अधिकारी और कर्मचारी गड्ढे से मोटरसाइकिल को बाहर निकालने में जुटे रहे और कई कोशिशों के बाद क्रेन से मोटरसाइकिल बाहर निकाली जा सकी. सड़क पर बारिश का पानी भी जमा हो गया था, जिससे हालात और बिगड़ गए. सवाल यह है कि राजधानी की सड़कों पर ऐसे खतरनाक गड्ढे बनने तक प्रशासन की नजर क्यों नहीं गई. गड्ढे की गहराई लगभग 10 से 12 फीट आंकी गई, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन गई. इस गड्ढे की वजह से सड़क पूरी तरह बंद हो गई. फिलहाल नगर निगम और पुलिस की टीमें गड्ढे को भरने के काम में लगी हैं, लेकिन इस घटना ने राजधानी में सड़कों के रखरखाव और प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *