Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है. कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग में ज्ञानेश कुमार मनमानी कर रहे हैं और बाकी दो चुनाव आयुक्तों की बात नहीं सुन रहे हैं. एक अखबार में हुए खुलासे के बाद कांग्रेस ने देशभर के कई शहरों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की. लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है जहां तेज बारिश के बावजूद कांग्रेस पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी दफ्तर के बाहर सुबह से जमा हुए कार्यकर्ता अब बाहर निकलकर विधानसभा और राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. इन सभी की एक ही मांग है कि गणेश कुमार तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें. पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात किया गया है ताकि कार्यकर्ताओं को रोका जा सके, लेकिन भारी बारिश और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कोई भी कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं है. घटना की जानकारी देते हुए मौके से रिपोर्ट कर रहे संवाददाता आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह से ही बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पार्टी दफ्तर पर इकट्ठा हो गए थे. शुरुआत में यह माना जा रहा था कि बारिश की वजह से प्रदर्शन टल सकता है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ. कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और छाते लेकर बाहर निकल आए और नारेबाजी शुरू कर दी. भीड़ अब पार्टी दफ्तर से निकलकर विधानसभा की दिशा में आगे बढ़ रही है, क्योंकि राज्य चुनाव आयोग का कार्यालय भी उसी रास्ते में पड़ता है, जहां तक कार्यकर्ता पहुंचना चाहते हैं. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता लगातार “वोट चोर, गद्दी चोर” के नारे लगाते हुए दिखे और अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर करते रहे. पूरे इलाके में इस वजह से माहौल गरमाया हुआ है और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. हालांकि अभी तक किसी बड़ी झड़प या हिंसक घटना की खबर नहीं है, लेकिन जिस तरह से कार्यकर्ता आगे बढ़ रहे हैं, उससे स्थिति किसी भी समय तनावपूर्ण हो सकती है. फिलहाल पूरा प्रशासन सतर्क है और स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है. कांग्रेस पार्टी की तरफ से यह प्रदर्शन गणेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है और जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक इसे जारी रखने की बात कही जा रही है. यह पूरा विवाद राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए आरोपों के बाद शुरू हुआ है. राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने ज्ञानेश कुमार से तुरंत इस्तीफा देने और सरकारी गवाह बनने की मांग की थी. राहुल ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी हुई है और इसका असर कानून और संस्थाओं तक पहुंचा है. राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कई चुनावों में धांधली का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि वोट लोकतंत्र की नींव है और अगर वोट को नुकसान पहुंचाया गया है तो संविधान और संस्थाओं पर भी असर पड़ता है. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि अगर CEC को चुनावों में कथित गड़बड़ी की जानकारी थी और इसके बावजूद वह इसमें शामिल थे, तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और उन पर मुकदमा चलना चाहिए. वहीं BJP ने राहुल गांधी के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. BJP प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी एक मीडिया रिपोर्ट के आधार पर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं. अलग-अलग विपक्षी दलों ने भी CEC के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. RJD नेता मनोज झा ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. SP प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कहा कि ऐसे आरोपों के बीच CEC को खुद इस्तीफा दे देना चाहिए.