Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क: यूपी के सुल्तानपुर में सोमवार को लखीमपुर खीरी जिले के एक लाख के इनामिया तालिब उर्फ आजम खान (26) को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया. मृतक बदमाश पर सामूहिक बलात्कार समेत करीब 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी. आज लखीमपुर और सुल्तानपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस एनकाउंटर को अंजाम दिया. दरअसल, तालिब उर्फ आजम खान लखीमपुर जिले के फरधान थानाक्षेत्र के गौरीया गांव का रहने वाला था. उस पर पर कई अपराधिक मुकदमें दर्ज थे. पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी. तालिब पर एक लाख का इनाम भी घोषित था.
लखीमपुर पुलिस को जानकारी लगी कि तालिब सुल्तानपुर में है, जिसपर लखीमपुर पुलिस यहां पहुंची और स्थानीय पुलिस को लेकर उसकी खोजबीन शुरू की. इनपुट मिला कि वो लंभुआ थानाक्षेत्र में है, जिसपर लखीमपुर और सुल्तानपुर पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए लंभुआ थानाक्षेत्र में दियरा पुल के पास घेराबंदी की. पुलिस को सामने देख इनामिया बदमाश तालिब उर्फ आजम खान ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने भी गोलियां बरसाई, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन फानन उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस की मानें तो उस पर करीब 17 मुकदमे दर्ज थे. फिलहाल पुलिस विधिक कार्यवाही में जुट गई है.