कन्नौज जेल से दो कैदी फरार, जेलर समेत पांच अधिकारियों पर गिरी गाज

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जिले की अनौगी स्थित जिला जेल से रविवार रात दो विचाराधीन कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए. यह घटना कन्नौज जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित जेल में हुई. फरारी का पता सोमवार सुबह करीब 10 बजे नियमित बंदी गिनती के दौरान चला, जब दो कैदी गायब पाए गए. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि फरार कैदियों की पहचान डिंपी उर्फ शिवा और अंकित के रूप में हुई है. डिंपी उर्फ शिवा थाना ताथिया क्षेत्र के मल्गवां गांव का रहने वाला है और उस पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है. वहीं, दूसरा फरार कैदी अंकित थाना तालग्राम क्षेत्र के हजरापुर गांव का निवासी है, जो आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल में बंद था.

कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों कैदियों ने कंबलों की मदद से रस्सी बनाई और उसी के सहारे जेल की ऊंची दीवार पर चढ़कर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. एसपी भीमसेन मुकुंद ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया. फरारी की सूचना पर एसपी विनोद कुमार और डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री अनौगी जेल पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जेल अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली. इसके बाद फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. इस मामले में जिला प्रशासन ने जेल अधिकारियों की गंभीर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. जिलाधिकारी ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर जेलर विनय प्रताप सिंह और डिप्टी जेलर बद्री प्रसाद को निलंबित करने के आदेश दिए हैं. इसके अलावा तीन जेल वार्डन शिवेंद्र सिंह यादव, अतुल मिश्रा और नवीन कुमार को भी निलंबित किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *