गोंडा मेडिकल कॉलेज वीडियो वाइरल; ऑक्सीजन पाइप पर दौड़ते दिखे चूहे

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मेडिकल कॉलेज से जुड़े जिला अस्पताल के ऑर्थो वार्ड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वार्ड के अंदर लगी ऑक्सीजन पाइप लाइन पर चूहे दौड़ते हुए साफ नजर आ रहे हैं. वीडियो वायरल होते ही अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल जांच के आदेश दे दिए गए. यह जिला अस्पताल करीब 45 लाख की आबादी वाले गोंडा जिले का प्रमुख अस्पताल है. मरीजों और उनके तीमारदारों का कहना है कि ऑर्थो वार्ड में नन्हे चूहों की संख्या काफी ज्यादा है. हालांकि अब तक किसी मरीज को चूहों से नुकसान पहुंचने की बात सामने नहीं आई है. भर्ती मरीज नसीम और तीमारदार कमलेश शुक्ला ने भी वार्ड में चूहों की मौजूदगी की पुष्टि की है.

मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल के मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डॉ डीएन सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया गया है. पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है और जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि अस्पताल की बिल्डिंग करीब 75 साल पुरानी है और इसके रिनोवेशन के लिए काम अलॉट हो चुका है. डॉ डीएन सिंह ने यह भी बताया कि वार्डों में बने रैट होल को भरवाया गया है और चूहों को पकड़ने के लिए ग्लू बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिनमें कुछ चूहे चिपके हुए भी मिले हैं. उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से अपील की है कि वार्ड में खाने-पीने की चीजें इधर-उधर न गिराएं, ताकि चूहों की समस्या पर नियंत्रण रखा जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *