शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज की दूसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीज अनुज (25 वर्ष) की संदिग्ध हालात में दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वह 11 दिनों से टीबी वार्ड में भर्ती था। पुलिस के मुताबिक, अनुज ने बीमारी से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाया है। जांच की जा रही है। चौक कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि सीतापुर के महोली का रहने वाला अनुज काफी समय से टीबी से जूझ रहा था। तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजनों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। यहां टीबी वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11:30 बजे अनुज सबकी नजर बचाकर वार्ड से बाहर निकला और दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। जोर से आवाज आने पर लोगों ने भागकर देखा। अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी देखी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। अनुज की मौत से साथ में मौजूद माता पिता का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जांच की है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *