मधुमक्खियों के हमले में अंपायर की मौत, अस्पताल तक काटती रही मक्खियां

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. इस हमले में 65 साल के एक अंपायर की मौत हो गई, जबकि कई खिलाड़ी घायल हो गए. मैच का आयोजन करने वाले कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के एक बड़े अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है. यह घटना बुधवार शाम शुक्लागंज इलाके के सप्रू मैदान में हुई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कानपुर के मानिक गुप्ता क्रिकेट मैच में अंपायरिंग कर रहे थे, तभी मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और अधिकारियों पर हमला कर दिया, जिससे दहशत फैल गई. खिलाड़ी और दर्शक खुद को बचाने के लिए भागे.

चश्मदीदों ने बताया कि हमले में गुप्ता को गंभीर चोटें आई और वह बेहोश हो गए. उन्हें पहले शुक्लागंज के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया और बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर कानपुर के लाला लाजपत राय हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. इस हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि एक और अंपायर और करीब 15 से 20 खिलाड़ियों को भी मधुमक्खियों ने डंक मारा. जब मानिक गुप्ता को स्ट्रेचर पर हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था, तब भी मधुमक्खियां उनके चेहरे और शरीर से चिपकी हुई थीं. वह बेहोशी की हालत में थे. घटना की ऑफिशियल पुष्टि करते हुए कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एस. एन सिंह ने कि उन्नाव में एक क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड के हमले में अंपायर मानिक गुप्ता की मौत हो गई. उन्होंने एसोसिएशन की ओर से दिल से संवेदना जताई और कहा कि वे इस दुख की घड़ी में दुखी परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं.

बता दें कि मानिक गुप्ता पिछले करीब 30 वर्षों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) से जुड़े थे. वे केडीएमए क्रिकेट लीग में नियमित रूप से अंपायरिंग करते थे और स्थानीय स्तर पर अनुभवी व निष्पक्ष अंपायर के रूप में जाने जाते थे. फिलहाल, दूसरे अंपायर जगदीश शर्मा समेत अन्य घायल खिलाड़ियों का इलाज जारी है. वहीं, घटना के बाद स्टेडियम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि मैदान या उसके आसपास कहीं मधुमक्खियों का छत्ता हो सकता है, जिससे यह स्थिति बनी. पहले ध्यान दिया जाता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *