होली के बाद नदी में नहाने गए 5 किशोर, डूबी 2 जिंदगियां

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में होली खेलने के बाद घाघरा नदी में नहाने गए पांच किशोरों में से दो की डूबकर मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में मातम छा गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज गांव की है. यहां के रहने वाले पांच किशोर होली खेलने के बाद घाघरा नदी में स्नान करने पहुंचे थे. नहाने के दौरान अचानक वे गहरे पानी की ओर बहने लगे और डूबने लगे. जानकारी के मुताबिक सुमित (15), राज (16), ऋषभ (17), अनूप (15) और विशाल (16) नदी में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए.

स्थानीय लोगों की मदद से अनूप, ऋषभ और विशाल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, सुमित और राज गहरे पानी में बह गए और लापता हो गए. इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई. ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक नदी में तलाश अभियान चलाया गया. इसके बाद बुधवार को सुमित और राज के शव नदी से बरामद किए गए. घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया. मामले में सीओ सदर अरविंद सोनकर ने बताया कि घाघरा नदी में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबकर मौत हो गई है. दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *