Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान युद्ध की आहट के बीच घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए तेल कंपनियों ने सख्त कदम उठाए हैं। अलीगढ़ जिले में गैस सिलिंडर की बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए समय सीमा बढ़ा दी गई है। नए नियमों के तहत अब उपभोक्ताओं को अगले सिलिंडर के लिए लंबा इंतजार करना होगा। जिला एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अनुसार, बुकिंग के नियमों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सिंगल सिलिंडर कनेक्शन के लिए अब 21 दिन से पहले दोबारा बुकिंग नहीं कराई जा सकेगी। जबकि डबल सिलिंडर कनेक्शन के लिए अब 25 दिन के अंतराल के बाद ही बुकिंग संभव होगी। पहले यह नियमन केवल 15 दिनों का था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। इस फैसले का सीधा असर जिले के लगभग 8.50 लाख उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। नियमों में अचानक हुए इस बदलाव के कारण शुक्रवार को गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। इस फैसले के पीछे प्रशासन और तेल कंपनियों की कोशिश है कि युद्ध जैसी स्थितियों में स्टॉक की कमी न हो और कालाबाजारी पर लगाम कसी जा सके।
घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 7 मार्च से वृद्धि हो गई है। देश भर में 14.2 किलोग्राम के घरेलू खाना पकाने वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और 19 किलोग्राम के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की वृद्धि की गई है। युद्ध के चलते संकट का असर शादी-ब्याह के आयोजनों तक पहुंच गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब बॉटलिंग प्लांट में मौजूद स्टॉक के आधार पर ही बिलिंग की जाएगी और एडवांस बुकिंग पर रोक लगा दी है। शनिवार से शादियों का सीजन (सहालग) शुरू हो रहा है। जिले के करीब 8 हजार से अधिक कॉमर्शियल उपभोक्ताओं, विशेषकर टेंट और कैटरिंग व्यवसायियों के सामने असहज स्थिति है। उत्तर प्रदेश टेंट कैटर्स, डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप गंगा ने कहा 7 से 15 मार्च के बीच शादियों का सीजन है, जिसमें कॉमर्शियल सिलिंडरों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। कैटर्स पूरी तरह इन्हीं सिलिंडरों पर निर्भर हैं। बुकिंग पर पाबंदी लगने से ऐन वक्त पर आपूर्ति बाधित हो सकती है, जिससे आयोजनों में समस्या आ सकती है।