वाराणसी के यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या के बाद तोड़फोड़

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यू.पी कॉलेज) में बीएससी सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मंजीत चौहान और उसके साथी अनुज ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. बताया जा रहा है मंजीत के साथ उसका साथी अनुज भी घटना के समय उसके साथ मौजूद था. इस बीच वारदात से आक्रोशित कॉलेज के छात्रों ने तीन टीचरों को निशाना बनाया. कॉलेज के अंदर तोड़फोड़ की गई जिसमें कई लोग चोटिल हो गए और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई. फिलहाल, पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है और कॉलेज परिसर को खाली कराया जा रहा है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, छात्रों के हिंसक प्रदर्शन में एक टीचर का सिर फट गया है. साथी टीचर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे हैं. तनाव बढ़ता देख पुलिस ने अपनी सुरक्षा के घेरे में कॉलेज कैंपस को ले लिया है. टीचर और अन्य कर्मचारियों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है. खुद कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने घटनास्थल का दौरा किया है. आपको बता दें कि शुक्रवार दोपहर यू.पी कॉलेज में पढ़ाई करने वाले 23 साल के बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह को कैंपस में ही गोलियों से भून दिया गया.

छात्रों के आपसी विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया. एक चश्मदीद का कहना है कि ये सारी घटना प्रिंसिपल के सामने हुई. दोनों छात्रों के बीच विवाद हो रहा था. बीच में प्रिंसिपल आए और उन्होंने दोनों को हड़काया. इस दौरान दूसरे छात्र ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और गोली चलानी शुरू कर दी. जानकारी के मुताबिक, मृतक को मंजीत चौहान नाम के छात्र ने गोली मारी है. वह वाराणसी का ही रहने वाला है. आरोपी पिस्तौल लेकर चल रहा था. घटना के बाद वह असलहा छोड़कर भाग गया. गुस्साए छात्रों का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए. जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, कॉलेज नहीं चलने देंगे. बता दें कि सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर का रहने वाला था. वह पढ़ाई में काफी तेज था और कॉलेज में फेमस भी था. उसकी हत्या से साथियों में आक्रोश है और वे सड़क पर उतर आए हैं. वहीं, मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. रोते-बिलखते परिजन बीचएयू अस्पताल पहुंचे हैं जहां मृतक का पोस्टमार्टम किया गया. शाम साढ़े 5 बजे परिजन शव लेकर अपने पैतृक आवास के लिए रवाना हो गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *