गाजियाबाद में हाफ एनकाउंटर, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

Fourth Pillar Live

एनसीआर डेस्क: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मंगलवार की रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. पुलिस ने मंगलवार की सुबह मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं. मामला मोदीनगर थाना क्षेत्र का है. गाजियाबाद के एसीपी (मोदीनगर) भास्कर वर्मा ने मुठभेड़ की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि अपने साथी के साथ पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाश की पहचान जलवीर उर्फ जालू के रूप में हुई है. एसीपी के मुताबिक स्वाट टीम को यह सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी जालू अपने एक साथी के साथ मोदीनगर से भोजपुर की ओर जा रहा है. उन्होंने कहा कि सूचना के आधार पर स्वाट टीम ने मोदीनगर के पास पिकेट लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी. इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की ग्रे रंग की कार आती नजर आई. स्वाट टीम ने जब इस कार को रुकने का इशारा किया, तब कार सवार बदमाशों ने गाड़ी मोड़ ली और भागने लगे. पुलिस टीम ने इस कार का पीछा शुरू कर दिया. एसीपी, मोदीनगर के मुताबिक बदमाशों ने अपनी गाड़ी कच्चे मार्ग पर मोड़ ली और कुछ दूर आगे जाकर गाड़ी से उतर स्वाट टीम पर फायर झोंक दिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जलवीर उर्फ जालू को भी गोली लगी है. जालू के साथ उसका साथी जतिन शर्मा भी पकड़ा गया है. पुलिस को लंबे समय से जालू की तलाश थी. जालू पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *