70 साल के बुज़ुर्ग ने 20 साल की युवती से किया चौथा निकाह, परिवार में बवाल

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : गाजियाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र के कैला भट्टा मोहल्ले में रहने वाले समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व पार्षद हाजी खलील एक बार फिर विवादों में हैं. 70 साल की उम्र में 20 वर्षीय युवती से चौथा निकाह करने के बाद अब उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. नाजरीन ने उत्पीड़न, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी जैसे आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है. मामले को लेकर नाजरीन अपने बेटे के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त को एक प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें आरोप लगाया कि उन्हें मेहर में जो संपत्ति मिली थी और जिस पर वह लंबे समय से काबिज थीं, उस पर अब उनके पति हाजी खलील कब्जा करना चाहते हैं. महिला का कहना है कि इस बात को लेकर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं. नाजरीन के मुताबिक उनका निकाह वर्ष 1991 में हाजी खलील से हुआ था. उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई थी कि खलील पहले से शादीशुदा हैं. नाजरीन के अनुसार खलील की पहली पत्नी से आठ बच्चे हैं. वहीं नाजरीन से भी खलील के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं.

महिला ने अपनी शिकायत में आगे बताया कि वर्ष 2010 में हाजी खलील ने तीसरा निकाह किया था. हालांकि, उस पत्नी से कोई संतान नहीं होने पर उन्होंने उसे तीन तलाक देकर अलग कर दिया. अब हाल ही में उन्होंने 20 वर्षीय युवती यासमीन से चौथा निकाह कर लिया और उसे घर लेकर आ गए हैं. इसके बाद से परिवार में विवाद और अधिक गहरा गया है. नाजरीन का आरोप है कि नई पत्नी और हाजी खलील दोनों की नजर उनकी संपत्ति पर है. उनका कहना है कि संपत्ति को अपने नाम कराने के लिए साजिश रची जा रही है. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें और उनके बेटे को घर से निकाल दिया गया. इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई. नाजरीन ने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. बता दें, हाजी खलील इलाके के पुराने राजनीतिक चेहरों में गिने जाते हैं. वो साल 1995 और 2000 में इस्लामनगर वार्ड से पार्षद रह चुके हैं. हालांकि, उनके खिलाफ पहले भी नगर निगम की करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप लग चुके हैं, जिससे उनका नाम पहले भी विवादों में आ चुका है.

इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हो चुकी है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं दूसरी तरफ इस मामले में पूर्व पार्षद हाजी खलील का भी पक्ष सामने आया है. उन्होंने कहा है कि नाजरीन के साथ उनका संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जो पहले से ही अदालत में विचाराधीन है. उनका कहना है कि महिला को कोर्ट में यह साबित करना होगा कि वह उनकी पत्नी है. इस मामले ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है. एक तरफ चौथे निकाह को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी ओर संपत्ति विवाद और परिवार के अंदर बढ़ते तनाव ने मामले को और जटिल बना दिया है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *