Fourth Pillar Live
नई दिल्ली डेस्क : केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है. वह वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई, 2026 को समाप्त हो रहा है. पदभार ग्रहण करने के साथ ही लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि सैन्य मामलों के विभाग (DMA) के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे. लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि का सैन्य करियर बेहद शानदार रहा है. वह वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले वह सेना के उपप्रमुख और मध्य कमान के जीओसी-इन-सी (GOC-in-C) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उनकी यह नियुक्ति थिएटर कमांड और सशस्त्र बलों के एकीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि नेशनल डिफेन्स अकैडमी (एनडीए), जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज (यूके) और नेशनल डिफेन्स कॉलेज (नई दिल्ली) के पूर्व छात्र रह चुके हैं, उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर डिग्री प्राप्त की. दिसंबर 1985 में लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला. इस बीच, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है. वो 31 मई को पदभार संभालेंगे और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर, 2028 तक रहेगा.