पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कैश वैन लूट कांड के दो इनामी बदमाश

Fourth Pillar Live

एनसीआऱ डेस्क : गाजियाबाद में 27 लाख रुपये की कैश वैन लूट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया. वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. मारे गए बदमाशों की पहचान समीर और जुबैर के रूप में हुई है. दोनों पर पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर हो गए. इस दौरान उपनिरीक्षक अनीश, हेड कांस्टेबल तरुण यादव और हेड कांस्टेबल संदीप घायल हो गए. सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह पूरा मामला 6 मई का है, जब बदमाशों ने मौका देखकर एटीएम कैश वैन के ड्राइवर पर तमंचा तान दिया और उसे बंधक बनाकर करीब 27 लाख रुपये से भरी कैश वैन लेकर फरार हो गए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैश वैन को घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर छोड़कर फरार हो गए थे. पुलिस जांच से बचने और सबूत मिटाने के लिए उन्होंने कैश वैन में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को कुल्हाड़ी से तोड़ दिया था. घटना के बाद से पुलिस लगातार दोनों बदमाशों की तलाश में जुटी थी. आखिरकार वेव सिटी इलाके में पुलिस को उनकी लोकेशन मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर कार्रवाई की गई. पुलिस अब इस लूटकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *