बिजली से परेशान प्रदर्शनकारियों से बोला दारोग़ा; मुकदमा झेलोगे

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दिल्ली रोड स्थित बिजली घर पर देर रात भीषण गर्मी के बीच घंटों से बाधित बिजली सप्लाई से नाराज स्थानीय लोगों ने पहुंचकर जमकर हंगामा और नारेबाजी की. कई मोहल्लों में लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण घरों में रहना मुश्किल होने पर बड़ी संख्या में परेशान लोग एकत्र हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हंगामे की सूचना मिलने पर हापुड़ नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट करके और कानून व्यवस्था का हवाला देकर सड़क खाली करवाते हुए भीड़ को वहां से हटाया. स्थिति बिगड़ती देख नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने लाउडस्पीकर संभाला और लोगों को समझाते हुए सख्त लहजे में कहा, “घर चले जाइए, नहीं तो मुकदमा लिखवा दूंगा. अभी गर्मी से परेशान हैं, फिर मुकदमे से भी परेशान हो जाएंगे.” इस सख्त हिदायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई का डर दिखाकर भीड़ को सड़क से पूरी तरह हटा दिया. इस पूरे बवाल के बाद प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है और एहतियात के तौर पर दिल्ली रोड बिजली घर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. मामले को लेकर विद्युत विभाग के जेई भोलानाथ ने भी अपनी बाइट दी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घंटों की कटौती से इस भीषण गर्मी में उनका जीना मुहाल हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *