सास की मृत्यु पर घाट पहुंचे दामाद को खींच ले गया मगरमच्छ

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : ग्रेटर नोएडा का रहने वाला दीपक शर्मा अपनी सास के निधन पर गोंडा आया था. लेकिन यहां वो एक खौफनाक हादसे का शिकार हो गया. दरअसल, दीपक अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा था. इसी बीच जब वो सरयू में हाथ धोने के लिए उतरा तो एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में घसीट ले गया. जैसे ही लोगों की नजर पड़ी चीख-पुकार मच गई. देर शाम तक दीपक का कोई पता नहीं चल सका. तलाशी अभियान जारी है. एसडीआरएफ की टीम पहुंच रही है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दरअसल, ग्रेटर नोएडा निवासी 30 वर्षीय दीपक शर्मा बुधवार दोपहर गोंडा जिले के सनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास सरयू नदी के किनारे अपनी सास उर्मिला देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने उमरी गांव आए थे. वह नदी के घाट पर चिता सजाने के लिए खूंटा गाड़ रहे थे और गड्डा खोद रहे थे. इसके बाद वह नदी के किनारे नहाने के लिए गए और जैसे ही उन्होंने एक डुबकी लगाई, वैसे ही पानी से बाहर निकले एक मगरमच्छ ने अचानक हमला करके उनका सिर अपने जबड़े में दबाया और तेजी से पानी के अंदर खींच ले गया. घटना के प्रत्यक्षदर्शी राजेश शुक्ला ने बताया कि सभी लोगों ने दीपक को दामाद होने के कारण चिता सजाने के लिए मना किया था, लेकिन वह नहीं माने.

उनके पानी में जाते ही मगरमच्छ ने उन्हें दबोच लिया. इसके बाद चीख-पुकार मच गई. इस खौफनाक हादसे के बाद मृतक उर्मिला देवी का अंतिम संस्कार किया गया, जिनकी चिता को उनके 12 वर्षीय बेटे राज ने आग दी. बाबूलाल शर्मा की पोती से दीपक का विवाह हुआ था, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नाविक और एसडीएम तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों और राजस्व विभाग की टीम ने नाव के जरिए नदी में दीपक की काफी खोजबीन की और तलाशी अभियान चलाया. काफी कोशिशों के बाद भी कल देर शाम तक दीपक का कोई पता नहीं चल सका और सफलता नहीं मिलने पर अभियान रुक गया. इस घटना से पूरे इलाके और पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया है. उमरी बेगमगंज थाना अध्यक्ष चंदन कुमार और जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने फोन पर बताया कि रेस्क्यू के लिए लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है. फिलहाल पीड़ित परिवार और अन्य ग्रामीण नदी के किनारे इकट्ठा हैं. अभी तक दीपक का शव बरामद नहीं हुआ है. सभी लोग एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि टीम के आने पर रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *