Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क : वाराणसी में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विद्यामठ आश्रम के हनुमान मंदिर में चोरी हो गई. इस मामले में पुलिस ने आरोपी राजू खान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हनुमान मंदिर से आभूषण चोरी कर लिए थे. इन आभूषणों को खरीदने वाले दो लोगों को भी पुलिस ने पकड़ा है. यह घटना 24 अप्रैल की है. वाराणसी के भेलूपुर इलाके में शंकराचार्य घाट स्थित विद्यामठ आश्रम के हनुमान मंदिर से भगवान हनुमान जी के आभूषण चोरी हो गए थे. वारदात के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. मामला सामने आते ही मंदिर प्रशासन और पुलिस दोनों अलर्ट हो गए. जांच शुरू हुई तो पुलिस ने मंदिर के CCTV खंगाले. और यहीं से पूरी कहानी का ‘ब्रेकथ्रू’ मिला. फुटेज में एक युवक संदिग्ध तरीके से मंदिर परिसर में घूमता दिखा और फिर आभूषण लेकर निकलता नजर आया.
बस फिर क्या था- CCTV ने चेहरा भी दिखा दिया और रास्ता भी. पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे लंका क्षेत्र के नरिया-साकेत नगर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी का नाम राजू खान बताया जा रहा है. जांच में पुलिस को पता चला कि चोरी के बाद आरोपी ने ये आभूषण आगे दो लोगों को बेच भी दिए थे. इसके बाद पुलिस ने उन दोनों खरीदारों ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा को भी दबोच लिया. पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं. इनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. तीनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, CCTV फुटेज और टेक्निकल इनपुट्स के आधार पर पूरी केस को सॉल्व किया गया. मंदिर जैसे सुरक्षित स्थान से चोरी कैसे हुई, और चोरी का सामान इतनी आसानी से कैसे आगे बिक गया- पुलिस अब इन सवालों के जवाब भी तलाश रही है.