कानपुर में पुलिस का एनकाउंटर 6 घंटे में दो आरोपी पकड़े   

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने छह घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो मुठभेड़ की कार्रवाई की, जिसमें चार वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. दोनों ही मामलों में जवाबी फायरिंग के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. गिरफ्तार आरोपियों पर लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. पहली मुठभेड़ गुजैनी थाना क्षेत्र में उस मामले से जुड़ी थी, जिसमें 21 जून की शाम काम से घर लौट रही एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने उसका मंगलसूत्र और सोने की चेन लूट ली थी. इसके बाद आरोपियों ने धमकाकर महिला से उसके घर से अन्य जेवर भी मंगवाए और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए थे. घटना के बाद पुलिस ने एडीसीपी ऑपरेशंस और एसीपी नौबस्ता के नेतृत्व में कई टीमें गठित कीं. सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर फतेहपुर रोड पर घेराबंदी की गई. जब पुलिस ने तीन संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में अकरम और जावेद अख्तर के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक साथी मौके से फरार हो गया.

मौके से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अंतरजनपदीय लूट गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और इनके खिलाफ कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. दूसरी मुठभेड़ ग्वालटोली थाना क्षेत्र में 28-29 जून की रात हुए गोलीकांड से जुड़ी थी, जिसमें अरविंद पासवान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ग्वालटोली पुलिस, कर्नलगंज पुलिस और सेंट्रल जोन स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. मुखबिर की सूचना पर टीम ने टेप्को मिल परिसर में घेराबंदी की, जहां तीन आरोपी छिपे हुए थे. पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में हरि सिंह उर्फ शुभम के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अनुराग खुराना उर्फ शैबी को मौके से दबोच लिया गया. तीसरा आरोपी ऋषभ उर्फ मांगू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पूछताछ में आरोपियों ने गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. मौके से एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं. सभी आरोपियों पर हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में चार शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी बड़ी सफलता है. फरार आरोपी की तलाश जारी है और शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *