दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन बाधित, हजारों यात्री हुए परेशान

Fourth Pillar Live

नई दिल्ली डेस्क : दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर मंगलवार शाम ऑफिस से घर लौट रहे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आनंद विहार और वैशाली स्टेशन के बीच करीब डेढ़ घंटे तक मेट्रो सेवाएं प्रभावित रहीं. खराबी आने की वजह से कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई और शाम के पीक आवर्स में सफर बाधित रहा. DMRC ने बताया कि मंगलवार शाम को ओवरहेड इक्विपमेंट में खराबी की वजह से दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर आनंद विहार और वैशाली स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाएं लगभग डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहीं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बयान जारी करते हुए कहा, “ओवरहेड इक्विपमेंट में खराबी की वजह से ब्लू लाइन पर आनंद विहार और वैशाली के बीच वाले हिस्से में शाम 5.20 बजे से 6.43 बजे तक ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं. मरम्मत का काम करने के लिए सेक्शन पर सर्विस रोक दी गई थी.” DMRC ने कहा कि इस सेक्शन में कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए यमुना बैंक से आनंद विहार स्टेशनों तक कुछ वक्त के लिए सिंगल लाइन ऑपरेशन भी बनाए रखा गया था. नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी से द्वारका सेक्टर 21 तक सेक्शन पर रेगुलर ट्रेन सर्विस जारी रहीं. मेट्रो सर्विस में आई रुकावट की वजह से कई स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा हो गई. कुछ लोगों ने इस अफरा-तफरी के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए. इसके अलावा, सोमवार सुबह, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर सिग्नलिंग की समस्या की वजह से वायलेट लाइन पर ट्रेन ऑपरेशन में रुकावट आई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *