Fourth Pillar Live
एनसीआर डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा की एक फैक्ट्री में 6 और 7 जुलाई की रात भीषण आग लग गई. घटना नोएडा के थाना फेज-2 अंतर्गत सेक्टर 88 की है. सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंच गई. करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है. जानकारी के मुताबिक फेज-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-88 के बी ब्लॉक में स्थित सुरभि इंटरनेशनल नाम की फैक्ट्री में देर रात धुआं उठता दिखा. फैक्ट्री में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने पीछे की साइड से धुआं उठता देख इसकी सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी. नोएडा के चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना रात 11 बजकर 15 मिनट पर मिली. सीएफओ के मुताबिक शुरुआती जानकारी भीषण आग लगने की थी, जिसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. तब तक आग की लपटें ग्राउंड फ्लोर के साथ ही पहली मंजिल को भी अपनी आगोश में ले चुकी थीं. फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत की बात है कि घटना के समय फैक्ट्री बंद थी और कोई भी कर्मचारी अंदर नहीं था. आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है. हालांकि, ऐसी आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री के इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट इसकी वजह हो सकता है. आग के कारण हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.