लखनऊ में मिलावटी एथेनॉल गैंग का क्राइम ब्रांच ने राजफाश 

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल-डीजल की चोरी और इसमें मिलावटखोरी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. उत्तर प्रदेश पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लखनऊ में ईंधन की चोरी और मिलावटखोरी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. क्राइम ब्रांच ने मलिहाबाद इलाके में ऑपरेशन एथेनॉल शील्ड के तहत मलिहाबाद इलाके के संन्यासी बाग फ्लाईओवर के पास छापेमारी कर चार शातिर आरोपियों को दबोच लिया है. यूपी पुलिस की क्राइम ब्रांच के मुताबिक यह गिरोह टैंकरों से पेट्रोल-डीजल चोरी करता था और फिर उसमें खतरनाक साल्वेंट मिलाता था. पेट्रोल-डीजल में खुद से बनाया हुआ एथेनॉल यानी खतरनाक साल्वेंट मिलाने के बाद गिरोह के सदस्य मिलावटी ईंधन को बाजार में खपा देते थे. मौके से 16 हजार लीटर से ज्यादा ईंधन, साल्वेंट और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं. पिछले कुछ समय से वाहनों में आ रही तकनीकी दिक्कतों के बाद क्राइम ब्रांच सीक्रेट ऑपरेशन चला रहा है. एडीसीपी (क्राइम) किरण यादव ने कहा कि यह ऑपरेशन इसी सीक्रेट ऑपरेशन के तहत अंजाम दिया गया. दरअसल, केंद्र सरकार की ओर से एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा दिए जाने के बाद इसे लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे थे. पुलिस को शक था कि असली खेल ईंधन में अवैध मिलावट का है.

इसके बाद एक्टिव हुई पुलिस ने मलिहाबाद के संन्यासी बाग फ्लाईओवर के पास जाल बिछाकर एचपीसीएल के अमौसी टर्मिनल से आ रहे एक टैंकर को पकड़ लिया. पुलिस ने मलिहाबाद के अनिल कुमार, काकोरी के अभिषेक राजपूत, उन्नाव के धीरज सिंह और टैंकर चालक हरदोई निवासी रामतीर्थ को पकड़ा है. पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में हैरान करने वाला खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया है कि अमौसी टर्मिनल से विधानसभा मार्ग स्थित फिलिंग स्टेशन के लिए निकलने वाला पेट्रोल-डीजल रास्ते में ही गायब कर दिया जाता था. टैंकर ड्राइवर रामतीर्थ रास्ते में ईंधन निकालकर अनिल कुमार को महज 75 रुपये प्रति लीटर में बेच देता था, जिसके बाद अनिल उसमें साल्वेंट मिलाकर ऊंचे दामों पर बेचता था. आबकारी विभाग की संयुक्त जांच में भी इस अवैध खेल की पुष्टि हुई है. एडीसीपी (क्राइम) किरण यादव ने आगे कहा कि क्राइम ब्रांच ने मौके से 7750 लीटर पेट्रोल, 4000 लीटर डीजल के साथ ही 1150 लीटर मिश्रित पेट्रोल बरामद किया गया है. करीब 3200 लीटर साल्वेंट जब्त किया है. इसके अलावा, टैंकर के पाइप और चैम्बर से 250 लीटर चोरी का तेल, मास्टर चाबी, डिप रॉड और प्लास्टिक पाइप जैसे उपकरण भी मिले हैं. पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे इस रैकेट से जुड़े अन्य चेहरों और मिलावटी ईंधन की सप्लाई पाने वाले पेट्रोल पंपों का पर्दाफाश किया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *