वाराणसी में GST डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह घूस लेती गिरफ़्तार

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर की एंटी करप्शन विजिलेंस टीम ने बड़ा एक्शन लिया है. चेतगंज क्षेत्र स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास जाल बिछाकर एक कारोबारी की शिकायत पर जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6 की महिला उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) अंबिका को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. महिला अधिकारी ने व्यापारी की कंपनी के लंबित रिटर्न और जीएसटी मूल्यांकन के निस्तारण के बदले इस घूस की मांग की थी. साक्ष्य के रूप में विजिलेंस टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली. सिविल ड्रेस में तैनात महिला पुलिसकर्मियों द्वारा पकड़े जाने पर आरोपी अधिकारी खुद को छुड़ाने के लिए फड़फड़ाने लगीं. भेलूपुर थाना क्षेत्र के लखरांव बजरडीहा निवासी अजय कुमार मौर्य, जो ब्लैक स्मिथ इन्डस्ट्रीज प्रा० लि० वाराणसी के निदेशक हैं, उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान से की थी. उनकी कंपनी के फरवरी 2023 के रिटर्न और जीएसटी (राज्य) के मूल्यांकन के संबंध में स्पष्टीकरण व निस्तारण के लिए उपायुक्त अंबिका ने ₹50,000 की रिश्वत मांगी थी. पीड़ित कारोबारी पहले से ही इन प्रक्रियाओं के निस्तारण के लिए परेशान था और अंततः उसने भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाने का फैसला किया. शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित योजना तैयार की.

पूर्व निर्धारित रणनीति के तहत शिकायतकर्ता कारोबारी को रिश्वत की रकम के साथ चेतगंज क्षेत्र में स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास भेजा गया. जैसे ही डिप्टी कमिश्नर अंबिका ने कारोबारी से ₹50,000 की घूस ली, वैसे ही आसपास पहले से पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद विजिलेंस की टीम ने घेराबंदी करके उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया. सादे कपड़ों में मुस्तैद महिला पुलिस टीम द्वारा पकड़े जाने पर डिप्टी कमिश्नर अंबिका अचानक पिंजड़े में कैद पंछी की तरह फड़फड़ाने लगी. उन्होंने टीम के सामने अपने रसूख और प्रशासनिक दबदबे का रुआब झाड़ने का भी पूरा प्रयास किया, लेकिन कानून के आगे उनकी एक न चली. विजिलेंस की टीम उन्हें हिरासत में लेकर आगे की विधिक कानूनी कार्यवाही के लिए रवाना हो गई. इस बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके और संबंधित विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया. विजिलेंस की इस सफल कार्रवाई के बाद आरोपी उपायुक्त अंबिका के विरूद्ध थाना उ0प्र0 सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. सतर्कता विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच लगातार जारी है. मौके से जुटाए गए सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला अधिकारी के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *