गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी ने किया UPITS 2026 का उद्घाटन

Fourth Pillar Live

एनसीआर डेस्क : ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के चौथे संस्करण का आगाज हो गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्रेड शो का उद्घाटन किया. इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के जरिए जिस दिशा में कदम बढ़ाया है, उसकी शुरुआत विशेष रूप से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की सोच और पहल से हुई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का अवसर ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी, हेरिटेज और इनोवेशन के संगम का अवसर है. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो दुनिया के सामने उत्तर प्रदेश की विरासत, उत्पादों और इनोवेशन को समझने का अवसर उपलब्ध करा रहा है. उन्होंने कहा कि ट्रेड शो के चौथे संस्करण में सभी की गरिमामयी उपस्थिति इसके वैश्विक स्वरूप की ओर बढ़ने और भारत के प्रति दुनिया के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि करीब 12 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम की शुरुआत की थी और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो भी उसी दिशा में आगे बढ़ने वाली पहल का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में माफियाओं का शासन चलता था. वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने. आज उत्तर प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें समाप्त करने का काम योगी सरकार ने किया है. इसके कारण राज्य में निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है. उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में राजनीतिक स्थिरता का एक मजबूत आधार बना है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. जीडीपी के आंकड़ों पर उठ रहे सवालों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि कुछ लोग भारत के जीडीपी के आंकड़ों को गलत बता रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की विकास दर का अनुमान 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत किया था और देश ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. दुनिया में उथल-पुथल, अशांति और कई तरह की चुनौतियों के बावजूद भारत ने अपनी विकास दर को बनाए रखा है और आगे भी इसे कायम रखेगा. इस बार ट्रेड शो में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस जैसे देश पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल हुए हैं. इन देशों की भागीदारी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के बढ़ते वैश्विक स्वरूप को दर्शाती है. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो एक ऐसा मंच है जहां राज्य के अलग-अलग जिलों के कारीगरों को अपनी हस्तकला दिखाने का मौका मिलता है. यहां दुनिया भर से लोग आते हैं, जिन्हें यूपी के उत्पादों को एक छत के नीचे खरीदने का मौका मिलता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *