36 हजार करोड़ से बना गंगा एक्सप्रेसवे पर भरा पानी, वीडियो वायरल

Fourth Pillar Live:

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश में 36 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बना गंगा एक्सप्रेसवे अब लोगों के लिए तालाब बन गया है. उन्नाव के सोनिक वसीरतगंज स्थित एग्जिट टोल प्लाजा पर लगातार 3 दिन से हो रही बारिश के चलते जलभराव हो गया है. इसके बाद आसपास के लोग वहां जाल डालकर मछली पकड़ने पहुंच गए हैं, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर भरे पानी में जाल डालते हुए दिखाई दे रहे हैं. कई राज्यों के साथ यूपी में लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के चलते यूपी के कई जिलों को इस समय बारिश के कारण हाई अलर्ट पर रखा गया है. इसके साथ ही 36 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे भी इस समय बारिश के चलते तालाब की तरह दिखाई देने लगा है. उन्नाव के दही थाना क्षेत्र के सोनिक के पास वसीरतगंज में मेरठ से प्रयागराज जाने वाले एग्जिट टोल प्लाजा के आसपास बारिश का पानी भरने से पूरा इलाका जलमग्न हो चुका है. पानी भरने के चलते टोल प्लाजा तालाब की तरह दिखाई देने लगा है. आसपास के ग्रामीण इस आपदा में अवसर तलाशने के लिए मौके पर पहुंचे और पानी में जाल डालकर मछली पकड़ते हुए दिखाई दिए. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंगा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा के बगल में बनी सर्विस रोड पर, जो पानी में डूबी हुई है, जाल डालकर मछली पकड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, इस वायरल वीडियो की पुष्टि आजतक नहीं करता है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

टोल प्लाजा पर भरे पानी से निकलने वाले वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. गंगा एक्सप्रेसवे की कार्यदायी संस्था लगातार कई घंटे जद्दोजहद कर टोल प्लाजा पर भरे पानी को बाहर निकालने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसकी कोशिश नाकाम होती हुई दिखाई दे रही है. इससे पहले भी इसी तरह का पानी गंगा एक्सप्रेसवे के एग्जिट टोल प्लाजा पर भर गया था, जिससे टोल प्लाजा की कार्यदायी संस्था ने कोई सबक नहीं लिया. आलम यह है कि लगातार 3 दिन से हो रही बारिश के बाद टोल प्लाजा अब तालाब में तब्दील होता हुआ दिखाई दे रहा है. प्रोजेक्ट मैनेजर आरएस मिश्र ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे पूरी तरह क्रियाशील है. उन्नाव में एक रैंप को छोड़कर कहीं जलभराव नहीं है. अत्यधिक एवं असामान्य बारिश के बावजूद गंगा एक्सप्रेसवे पूरी तरह क्रियाशील है और यातायात का संचालन सामान्य रूप से जारी है. पूरे एक्सप्रेसवे पर कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं है, केवल एक विशेष रैंप पर जलभराव की स्थिति सामने आई है. वर्तमान में हो रही बारिश सामान्य वर्षा नहीं है. अतिवृष्टि के कारण अनेक स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है. उक्त रैंप के समीप हाईटेंशन विद्युत लाइन की ऊंचाई अपेक्षाकृत कम होने के कारण भी जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई है. एजेंसी द्वारा हाईटेंशन लाइन को स्थानांतरित करने के लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक समन्वय एवं कार्रवाई की जा रही है. मानसून समाप्त होने के बाद इस विद्युत लाइन को शीघ्र स्थानांतरित किए जाने की संभावना है. गंगा एक्सप्रेसवे की टीम पूरी तरह मुस्तैद है और लगातार निगरानी रख रही है, ताकि यातायात का सुरक्षित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *