Fourth Pillar Desk
लखनऊ: ग्रीन यूपी मिशन के तहत पूरे प्रदेश में जुलाई के महीने में 35 करोड़ पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग मंडलों को लक्ष्य दिया गया है। जुलाई माह में प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए 1901 पौधशालाओं में 52.33 करोड़ पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी विभागों द्वारा लगाए जाने वाले पौधरोपण का भी लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। वन विभाग पौधरोपण महाभियान की तैयारियां तेजी से कर रहा है। पौधरोपण महाभियान 2025 के लिए मिशन निदेशक की जिम्मेदारी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक/ मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन) दीपक कुमार को सौंपी गई है।
इसके अलावा सभी 18 मंडलों का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। इन मंडलों में महाभियान की सफलता के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। लखनऊ मंडल में सर्वाधिक 4 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं कानपुर मंडल को 3.13 करोड़ का लक्ष्य दिया गया है। नर्सरियों के माध्यम से 47.27 करोड़ पौधे वन विभाग उपलब्ध कराएगा। इस दौरान सागौन, शीशम आदि के 18.60 करोड़, जबकि अमरूद-आम आदि के 10.79 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। वहीं सहजन, नीम आदि के 5.75 करोड़ व पीपल-बरगद के 29 लाख पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने की कवायद की जाएगी।