सीबीआई दफ्तर में तैनात एएसआई वीरेंद्र पर धनुष-बाण से हमला

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: लखनऊ में हजरतगंज नवल किशोर रोड पर सीबीआई दफ्तर में तैनात एएसआई वीरेंद्र पर धनुष-बाण से हमला किया गया। बाहर खड़े एक व्यक्ति ने धुनष पर बाण चढ़ा कर सीधे उनके सीने पर मारा। बाण एएसआई के सीने में धंस गया। बाण के वार से एएसआई मौके पर ही धरासाई हो गए। उन्हें आनन फानन सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही सीबीआई और पुलिस के अफसर मौके पर पहुंचे। उधर, पुलिस हजरतगंज ने बाण चलाने वाले को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर रही है।

एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल के मुताबिक एएसआई वीरेंद्र दोपहर सीबीआई परिसर में गेट के पास खड़े थे। इस बीच एकाएक एक तीर उनके सीने पर लगा और वह मौके पर ही गिर गए। लोगों ने सोंचा कि कोई बच्चा हो सकता खेल रहा हो, तभी एकाएक सामने से एक व्यक्ति भागता दिखा। उसे लोगों ने पुलिस कर्मियों की मदद से दौड़ाकर पकड़ लिया। घायल एएसआई को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। आरोपित को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ जारी है। उसके पास से धनुष बाण बरामद कर लिया गया है। बाण के आगे का नुकीला भाग लोहे का था। इस कारण एएसआई को घाव हो गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावर पूर्व रेलवे कर्मी बताया जा रहा है। कई साल पहले सीबीआई ने उसे ट्रैप किया था। उसमे उसकी नौकरी चली गई थी। उसी रंजिश में उसने वीरेंद्र पर धनुष बाण से हमला किया। हालांकि अभी तक इस तथ्य की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *