“साल लगे या सदी” EVM को हटाकर रहेंगे; अखिलेश यादव

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने EVM, वोटर लिस्ट, कानून व्यवस्था, बिजली संकट, स्मार्ट मीटर और जेवर एयरपोर्ट जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा. साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कई बड़े वादे भी कर डाले. अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की चेतक के साथ भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी, जिसमें सोने का भाला भी होगा. उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में हम क्षत्रिय समाज का सम्मान रखेंगे.चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि देश में मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया काम कर रहा है और विपक्ष को इसके खिलाफ लड़ना होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की जा रही है. सुल्तानपुर के अशिक्षित नंदलाल निषाद के नाम पर form 7 भरवाकर वोट कटवाए जा रहे थे. हमने शिकायत की थी, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की है. सरोजनीनगर में एक व्यक्ति के नाम पर सैकड़ों शिकायतें हुई, उस पर आयोग ने क्या कार्रवाई की है. इसीलिए हम कह रहे हैं कि अब किसकी क्रेडिबिलिटी पर भरोसा करें. जैसे इंग्लैंड ने बैलेट से वोटिंग कराई है, वैसे हम भी कर सकते हैं. हम एक दिन ईवीएम को हटाकर रहेंगे.

उन्होंने कहा कि SIR के बाद वोटर लिस्ट में एक ही नाम के कई वोट हैं. ऐसा हर विधानसभा में हुआ है. अब अगर ऐसा चुनाव में होगा तो ये Doubling Tripling वोट कहां जाएंगे. ये कैसा रिवीजन कर रहे हैं. अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीवाद को बढ़ावा दे रही है और जनता महंगाई की मार झेल रही है. अखिलेश ने दावा किया कि जल्द डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढ़ सकती हैं. कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जो लोग जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं, उन्होंने यूपी में कानून व्यवस्था को जीरो कर दिया है. NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में सबसे ज्यादा SC-ST समाज पर अत्याचार की घटनाएं हुई हैं. महिलाओं और शिक्षा को लेकर भी अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर KG से PG तक बेटियों की पढ़ाई मुफ्त की जाएगी. जेवर एयरपोर्ट और बिजली संकट को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए. अखिलेश ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन सिर्फ बेचने के लिए किया गया है और बीजेपी भविष्य में इसे भी निजी हाथों में सौंप देगी. उन्होंने कहा कि सरकार ने केंद्र से मिलने वाली बिजली का कोटा नहीं बढ़ाया और न ही बिजली उत्पादन बढ़ाया, लेकिन लोगों पर स्मार्ट मीटर थोप दिए गए. INDIA गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन मजबूत रहेगा. उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *